पहाड़ का सच, ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश में 80 वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर डॉ. मीनू सिंह ने ध्वजारोहण किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में संस्थान के फैकल्टी सदस्यों, चिकित्सकों,अधिकारियों व कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह हम सभी देशवासियों के लोकतंत्र का त्योहार है। उन्होंने कहा कि आज का दिन समूचे देश के लिए उत्सव का दिन है।

इस दौरान उन्होंने संस्थान की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और भविष्य की योजनाओं को बेहतर गुणवत्ता के साथ क्रियान्वित करने की बात भी कही।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के द्वारा किये गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। प्रोफेसर मीनू सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थान के कार्मिकों को प्रशस्तिपत्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही एम्स परिसर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करने वाले पुलिसकर्मियों को भी कार्यकारी निदेशक द्वारा मंच से सम्मानित किया गया और शीघ्र खुलासा करने पर पुलिस कार्य की सराहना की।
सम्मानित किए गए पुलिस स्टाफ में ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, एसएसआई नवीन जोशी, एसआई विकसित पंवार, चौकी प्रभारी एम्स देवेन्द्र पंवार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत किया गया रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और एम्स सुरक्षा विभाग की ओर से गठित पाइप बैंड टीम द्वारा किया गया शानदार प्रदर्शन विशेष सराहनीय रहा। समारोह में डीन (एकेडमिक्स) प्रोफेसर सौरभ वार्ष्णेय, डीन रिसर्च प्रो. शैलेन्द्र हांडू, डीन एक्जाम प्रोफे बी.के बस्तिया सहित प्रशासनिक अधिकारी, सुरक्षा विभाग के अधिकारी कई फेकल्टी सदस्य व स्टॉफगण मौजूद रहे।
