132 केवी कालागढ़–अफजलगढ़ एवं 132 केवी कालागढ़–शेरकोट से बिजली लेने पर अस्थाई रोक

पहाड़ का सच देह्यादून। उत्तर प्रदेश में 220 केवी मेरठ–नेहटौर विद्युत लाइन के गंगा नदी में स्थित चार टावर क्षतिग्रस्त होने के कारण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है।
पिटकुल प्रवक्ता व मीडिया इंचार्ज अशोक जुयाल ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्तर प्रदेश द्वारा 132 केवी कालागढ़–अफजलगढ़ एवं 132 केवी कालागढ़–शेरकोट विद्युत लाइनों से पावर ड्रॉ (विद्युत लेने) पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है। पावर ड्रॉ पर रोक के कारण उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश से लगभग 50 मेगावाट विद्युत प्राप्त नही हो पा रही है। इससे 400 केवी काशीपुर उपकेंद्र पर स्थापित 315 एमवीए पावर ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त विद्युत भार आ गया है।
ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक भार को देखते हुए ग्रिड की सुरक्षा एवं विद्युत प्रणाली की स्थिरता बनाए रखने के लिए काशीपुर, रामनगर, जसपुर, बाजपुर एवं महुआखेड़ागंज क्षेत्रों से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए आवश्यकता के अनुसार आंशिक एवं अस्थायी आपातकालीन विद्युत कटौती (लोड शेडिंग) की जा रही है।
पिटकुल के अधिकारी स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं तथा उत्तर प्रदेश के संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय एवं संपर्क में हैं। .उत्तर प्रदेश में विद्युत आपूर्ति सामान्य होने तथा काशीपुर उपकेंद्र के ट्रांसफार्मरों पर विद्युत भार कम होते ही प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को पूर्ण रूप से सामान्य कर दिया जाएगा।
पिटकुल द्वारा उपभोक्ताओं को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया जाता है तथा सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि इस आकस्मिक परिस्थिति में विभाग का सहयोग करें एवं विद्युत का आवश्यकतानुसार एवं विवेकपूर्ण उपयोग करें।
