अस्पताल में जाकर पूछी कुशलक्षेम, प्रत्येक श्रमिक की जान बेहद कीमती, सुरक्षित रेस्क्यू सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

श्रमिकों से संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के जरिए प्रभावितों के परिजनों तक भेजी हादसे की सूचना
पहाड़ का सच चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लेने के उपरांत जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचकर घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के बारे में जानकारी ली तथा अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा व्यवस्थाओं के संबंध में चिकित्सकों से भी जानकारी प्राप्त की।सीएम ने चिकित्सकों को घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
https://www.facebook.com/share/v/1JRZENJNWa/
उन्होंने कहा कि घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकतानुसार उन्हें सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना में प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी उन्होंने स्वयं वार्ता की है। साथ ही टनल दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता के मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने टीएचडीसी गेस्ट हाउस, पीपलकोटी में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और सभी उपलब्ध संसाधनों एवं तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन एवं टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी एवं मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा एवं सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग देने को कहा।
