
पहाड़ का सच देहरादून। प्रदेश के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आठ अगस्त को संस्कृति विभाग के सभागार में चयनित महिलाओं को पुरस्कृत करेंगे। इसके अलावा 35 महिलाओं को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार दिया जाएगा।
राज्य सरकार उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर खेल, समाजसेवा, साहित्य और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महिलाओं और किशोरियों को तीलू रौतेली पुरस्कार से पुरस्कृत करती है।
सचिव महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग चंद्रेश कुमार ने बताया कि तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए इस बार 217 आवेदन मिले थे। अल्मोड़ा से 21, बागेश्वर से 8, चमोली और चंपावत से 12-12, देहरादून से 23, हरिद्वार से 22, नैनीताल से 29, पौड़ी से 8, पिथौरागढ़ से 13, रुद्रप्रयाग से 11, टिहरी से 13, ऊधमसिंह नगर से 11 और उत्तरकाशी जिले से 24 आवेदन थे। इनमें से 13 महिलाओं का चयन किया गया है। जबकि राज्यस्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए 220 आवेदन मिले थे, पुरस्कार के लिए इनमें से 35 महिलाओं का चयन किया गया है।

