
अवैध संबंध का खूनी अंत
देहरादून। बीएसएफ जवान पर महिला की हत्या का आरोप लगा है। महिला का शव होम-स्टे से मिला है, जबकि आरोपी जवान बेसुध मिला, जिसका दून अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतका के पति के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पत्नी ने फोन कर सूचना दी। उसने बताया कि उसके पति ने लोकेशन भेजकर कहा कि उसने प्रेमिका की हत्या कर दी है और खुद भी जहर खा लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मियांवाला चौक स्थित द बिरिज़ होमस्टे पहुंची। कमरे में बीएसएफ जवान परमेन्द्र नेगी उम्र 38 साल निवासी मोहब्बेवाला, क्लेमेंटाउन बेहोशी की हालत में मिला। वहीं आरती बिष्ट उम्र 40 साल निवासी गूलरघाटी, नकरौंदा मृत मिलीं।
पुलिस ने पहले परमेन्द्र नेगी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, इसके बाद उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। जांच में पता चला कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। छुट्टी पर आया परमेन्द्र पिछले दो दिन से आरती के साथ इसी होमस्टे में ठहरा था। मृतका के पति पंकज सिंह बिष्ट ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और परमेन्द्र नेगी के बीच लंबे समय से संबंध थे और इस बारे में आरोपी के परिवार को भी जानकारी थी। परमेन्द्र की पत्नी भी संबंध खत्म कराने का दबाव बना रही थी। इसी विवाद के चलते परमेन्द्र ने आरती को जहर दिया और बाद में खुद भी जहर खा लिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके ठीक होने के बाद पूछताछ होगी, तभी हत्या की असल वजह सामने आ पाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

