
आईलीड्स कंपनी का हेड तलब, दस्तावेजों के साथ निगम मुख्यालय पहुंचने के निर्देश
पहाड़ का सच देहरादून। ऊर्जा निगम के प्रबन्ध निदेशक पी सी ध्यानी ने पिथौरागढ दौरे से लौटते हुए संजय टम्टा, अधिशासी निदेशक (तकनीकी ) तथा बबलू सिंह सहायक अभियंता के साथ उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन के विद्युत उपभोक्ता शिकायत काल सेंटर 1912 का 12 जुलाई की रात्रि बारह बजे औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी गैर हाजिर मिले जबकि उपस्थिति रजिस्टर में उनकी हाजिरी दर्ज की गई है जिसे प्रबन्ध निदेशक ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कंपनी के हेड को तमाम दस्तावेजों के साथ निगम मुख्यालय तलब किया है।

आईलीड्स कम्पनी जिसे यह अनुबन्ध दिया गया है,का औचक निरीक्षण करने पर 20 में से मात्र 13 कर्मचारी उपस्थित पाये गये। 7 कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। सुपरवाइज़र हितेश से जब जानकारी मांगी गयी तो वह कोई जबाब नहीं दे पाये। हैरत की बात है कि उपस्थिति पंजिका में 20 के 20 कर्मचारियों ने उपस्थिति दर्ज कर हस्ताक्षर किये थे ।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि शिकायतों का भी सही अंकन व निस्तारण नहीं पाया गया । कम्पनी के हेड आशीष चौधरी को सम्पूर्ण रिकार्ड सहित यूपीसीएल मुख्यालय में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है ।


