
देहरादून। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बड़ी मांग की है।
बदरीनाथ दान चोरी प्रकरण: आरोपियों को जांच समिति में शामिल करना न्याय के साथ खिलवाड़ : गणेश गोदियाल
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बदरीनाथ केदारनाथ मंदिरों से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश या फिर सर्वदलीय विधानसभा समिति से कराए जाने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा केदारनाथ मंदिर में स्वर्ण प्रकरण और अयोध्या के राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं की चर्चाओं के बाद अब श्री बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से संबंधित कथित गड़बड़ी ने सनातनियों को गहरी चिंता में डाल दिया है।
उन्होंने कहा सरकार को इन सभी मामलों पर गंभीरता पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा अब बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। एक बार फिर मंदिर समिति के अध्यक्ष आंतरिक जांच समिति से जांच कराये जाने की बात कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि जब आरोप अध्यक्ष के निजी स्टाफ से जुड़े व्यक्तियों पर लग रहे हो तब गठित की गई जांच समिति से निष्पक्ष जांच की उम्मीद कैसे की जा सकती है? उन्होंने इन सभी मामलों की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित स्वतंत्र जांच समिति से कराए जाने की मांग की है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर उत्तराखंड विधानसभा की सर्वदलीय जांच समिति गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।

