
नई टिहरी । जिले के जाखणीधार बाजार में मीट व्यापारी पर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए अभियुक्त के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उसे शीघ्र ही बाजार छोड़ने की चेतावनी दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में रोष बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि आरोपी रईस अहमद (35 वर्ष), निवासी ग्राम स्योहारा, जनपद बिजनौर (उ.प्र.) का रहने वाला है, जिसकी जाखणीधार बाजार में मीट की दुकान है। आरोप है कि आरोपी ने रविवार शाम करीब साढ़े चार-पांच बजे के दौरान नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपनी दुकान पर बुलाया। काफी देर तक जब नाबालिग बाहर नहीं आई तो, आस-पास के कुछ लोग उसकी दुकान पर गए। आरोप है कि जब आरोपी ने कुछ लोगों को अपनी दुकान की तरफ आते देखा तो उसने कुंडी खोल दी और नाबालिग को दुकान के अंदर से बाहर भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर वहां बाजार में भीड़ एकत्रित हो गई। वहां एकत्रित लोगों ने पुलिस को सूचना दी। उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने नाबालिग की मां की तहरीर पर अभियुक्त के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर दिया है। आरोपी वहां पिछले दो साल से मीट की दुकान चला रहा है। स्थानीय लोगो ने कहा कि इस तरह की घटनाएं कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती हैं।
वही इस घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने घटना को लेकर जमकर नारेबाजी की और विरोध-प्रदर्शन किया, साथ ही उन्होंने डीएम और एसएसपी से नाबालिग का मेडिकल जांच कराने की मांग की हैं।

