
पहाड़ का सच, डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। हालात ये हैं कि बेरोजगार युवकों की शादी नहीं हो रही है। अविवाहित रहकर बूढ़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता प्रदेश को लूटकर अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए धन जमा करने में लगे हुए हैं।
https://www.facebook.com/share/1DUDQ3WLcW/
गोदियाल डीडीहाट में कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि आम जनता कांग्रेस की तरफ आस लगाकर परिवर्तन का मन बना चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन होना निश्चित है। कांग्रेस के शासन में राज्य विकास के नए आयाम गढ़ेगा।
परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, कांग्रेस सह प्रभारी मनोज यादव का कार्यकर्ताओं ने रोड शो कर फूलमालाओं से स्वागत किया।
इसके बाद विकासखंड सभागार में आयोजित सम्मेलन में गोदियाल ने भाजपा पर तीखे हमले कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में आए दिन पेपर लीक होने से बेरोजगार युवा हताश और निराश हैं। ऐसे में अब कांग्रेस नहीं, प्रदेश की जनता परिवर्तन चाह रही है। यह कांग्रेस के लिए सत्ता में वापसी का अच्छा मौका है।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होंगे तो कांग्रेस निश्चित तौर पर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के विकास के लिए संकल्पबद्ध है। इसी बात को लेकर जनता के बीच जा रही है। विश्वास है कि इस बार जनता कांग्रेस पर भरोसा जताएगी।

