
दंडी कंडी के भरोसे पहाड़ों की स्वास्थ्य व्यवस्था
नई टिहरी। उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई इलाकों में सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है। सड़क नहीं होने के कारण बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को आज भी कंधों पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।
ताज़ा मामला टिहरी जिले की पट्टी भरदार, जाखाल बिराणगांव से सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग को कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
https://www.facebook.com/share/v/19FbnBHVME/
एक तरफ सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का दावा करती है, दूसरी तरफ दूर-दराज के गांव आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। वर्षों से ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे हैं।
इलाज के लिए, बच्चों की पढ़ाई के लिए, रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोग अभी भी इस कष्ट को झेल रहे हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अब गावों में लोग भी कम हो गए हैं। ऐसे में अगर गांव में कोई बीमार हो जाता है तो उसको मुख्य सड़क तक पहुंचाना बहुत मुश्किल हो जाता है।

