
पहाड़ का सच देहरादून। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के देवल गांव, ओण पट्टी पहुंचकर प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने स्वर्गीय केतन लाल के शोकाकुल परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने कहा कि एक युवा बेटे का इस प्रकार असमय हम सभी से छिन जाना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। इस जघन्य घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। परिवार पर जो दुःखों का पहाड़ टूटा है, उसमें कांग्रेस परिवार पूरी संवेदना और मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है।
आर्य ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए स्पष्ट कहा कि केतन लाल के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी। जब तक दोषियों को कानून के कटघरे में खड़ा कर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ जारी रहेगी।
उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए और कहा कि निर्दोष परिवारों का उजड़ना और अपराधियों के हौसले बुलंद होना किसी भी सभ्य समाज के लिए चिंताजनक है। हमारी मांग है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए तथा जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध बिना किसी दबाव के कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।
आर्य ने घायल युवक दिवाकर डिमरी के परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवाकर जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटें।
कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय की इस लड़ाई को अंतिम परिणाम तक मजबूती से आगे बढ़ाएगी। यह केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष टिहरी मुरारी लाल खंडवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा, हरिद्वार कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, कुंदन सिंह राणा, श्यामलाल शाह, कपिल जोशी, दिनेश लाल, ज्ञान सिंह ,रोशन लाल नौटियाल, डॉ राकेश लाल, मय चंद रमोला, शिव सिंह पोखरियाल, मेहताब सिंह थलवाल, सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग और न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

