
ऋषिकेश। ऋषिकेश के चन्द्रेश्वर नगर श्मशान घाट के समीप गंगा में स्नान के दौरान दिल्ली निवासी एक दंपति के डूबने की दुखद घटना सामने आई है।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा। लेकिन, गहरे पानी में लापता दंपति का कुछ पता नहीं चल सका।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम एसडीआरएफ कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि चन्द्रेश्वर नगर श्मशान घाट के पास गंगा नदी में दो लोग डूब गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। त्रिवेणी घाट पर तैनात वाटर रेस्क्यू टीम के साथ संभावित डूब क्षेत्र में सघन खोज अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने डूबे हुए व्यक्तियों की पहचान मनीष आर्य (30) पुत्र कुंदन आर्य और जानकी (28) पत्नी मनीष आर्य निवासी जय बिहार, नगली, उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में कराई है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि डूबने वाले दोनों व्यक्ति पति-पत्नी हैं और दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र के निवासी हैं। वे अपने कुछ साथियों के साथ पर्यटन के लिए ऋषिकेश आए थे। घूमने के दौरान वे चन्द्रेश्वर नगर क्षेत्र स्थित गंगा तट पर पहुंचे और नदी में स्नान करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान दोनों गंगा की गहराई और तेज बहाव की चपेट में आ गए, जिससे वे देखते ही देखते नदी में बह गए। घटना के समय उनके साथ मौजूद एक अन्य साथी ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी तेज बहाव में फंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

