
पिछले 3 महीनों में गैस सिलेंडर के दामों में दूसरी वृद्धि
रसोई का बजट बिगड़ा, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 29 रुपये की बढ़ोतरी
पहाड़ का सच देहरादून। आम जनता को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे रसोई का बजट प्रभावित होना तय माना जा रहा है। .तेल विपणन कंपनियों ने हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹ 29 की बढ़ोतरी की है,जो रविवार 7 जून से लागू हो गई है। पिछले तीन महीनों में गैस सिलेंडर के दामों में यह दूसरी वृद्धि है। इससे पहले मार्च में भी सिलेंडर की कीमत में इजाफा हुआ था।
तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि लागू कर दी गई है। नई कीमतें लागू होने के बाद आम उपभोक्ताओं, गृहिणियों और मध्यम वर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर घरों के मासिक खर्च पर पड़ेगा। खासकर ऐसे परिवार, जो पहले से ही खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं, उनके लिए यह अतिरिक्त बोझ माना जा रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि रसोई गैस अब आम आदमी की पहुंच से धीरे-धीरे दूर होती जा रही है। कई लोगों ने सरकार से गैस सिलेंडर पर राहत देने और कीमतों को नियंत्रित करने की मांग की है।
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और परिवहन लागत बढ़ने का असर एलपीजी दरों पर भी पड़ रहा है। हालांकि उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि आने वाले समय में सरकार राहत देने के लिए कोई कदम उठा सकती है

