
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत न्यू स्मिथ नगर में एक डिलीवरी बॉय पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोपी ने पार्सल डिलीवरी को लेकर हुई कहासुनी के दौरान धारदार हथियार (चापड़) से हमला कर दिया, जिससे डिलीवरी कर्मी नवीन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी सुमित लोधी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को नवीन कुमार न्यू स्मिथ नगर क्षेत्र में पार्सल डिलीवरी के लिए गए थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी सुमित लोधी से पार्सल संबंधी विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, जब नवीन कुमार ने गलत तरीके से पार्सल देने से इनकार कर दिया तो आरोपी सुमित लोधी ने अचानक धारदार हथियार से उनके ऊपर हमला बोल दिया। हमले में नवीन कुमार को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने तुरंत प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने तत्काल विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तेजी से छानबीन की और आरोपी सुमित लोधी को मोहनपुर चाय बागान क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास बद्रीपुर क्षेत्र से अपराध में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।

