
श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जिले के दैहलचौरी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अरकणी बैंड से करीब 800 मीटर आगे एक इको कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 50 से 60 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार वाहन चालक रोहित थपलियाल रुद्रप्रयाग से शादी समारोह में शामिल होकर ग्राम भेंटा कोट ब्लॉक से वापस लौट रहे थे। वाहन में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली श्रीनगर से पुलिस टीम राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। चौकी दैहलचौरी में तैनात कांस्टेबल बद्रीलाल ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल महिला को कांस्टेबल द्वारा निजी वाहन से उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे में मृत महिला की पहचान 49 वर्षीय अनीता भट्ट पत्नी शशि राम भट्ट निवासी अंसल ग्रीन वैली, राजपुर रोड देहरादून के रूप में हुई है।

