
नैनीताल। जनपद के कालाढूंगी में 17 वर्षीय किशोर ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पॉलीटेक्निक का छात्र ऑनलाइन गेम के चक्कर में कर्ज में फंस गया था। घटना कोटाबाग में हुई है। मामले में किशोर ने एंबुलेंस, अस्पताल के बेड पर वीडियो बनाया, जो वायरल हो रहा है।
वीडियो में उसने एक युवक पर उधारी के लिए परेशान करने का आरोप लगाया। किशोर के पिता ने कोटाबाग के एक युवक पर उसके बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। बताया कि कोटाबाग में एक वन पंचायत के सरपंच का बेटा पॉलीटेक्निक में प्रथम वर्ष का छात्र था। बुधवार सुबह करीब सात बजे किशोर ने अचानक घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसके बाद पिता उसको सीएचसी कोटाबाग लाए। यहां उपचार के बाद एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
पॉलिटेक्निक छात्र के शव को लेकर कोतवाली पहुंचे परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मृतक के पिता ने कहा कि कालाढूंगी, कोटाबाग में जगह-जगह जुआ, सट्टा, ऑनलाइन गेम चल रहे हैं लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेटे पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का दबाव बनाया। इसकी रिकॉर्डिंग उन्होंने पुलिस को दी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए उनके घर जाकर छोटे बेटे से बड़े बेटे का मोबाइल छीना और अपने साथ ले गए। उन्होंने कहा कि जुए सट्टे में युवा बर्बाद हो रहे हैं, लेकिन पुलिस को कोई परवाह नहीं है। आज उनके साथ ये घटना घटी है, कल किसी और के साथ घटेगी। प्रशासन को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी बच सके।
वहीं किशोर को उधार देने वाले युवक ने आरोपों को नकारा है। वीडियो जारी कर कहा कि उसने पैसे के लिए किशोर को डराया धमकाया नहीं। युवक ने कहा कि उससे एक-एक हजार करके तीन हजार रुपये लिए गए थे। दोस्ती यारी में उसने पैसे दिए। इसके बाद वह पांच हजार रुपये और मांग रहा था, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल का फॉरेंसिक टीम ने जायजा लिया है। ई-साक्ष्य के माध्यम से घटना स्थल का निरीक्षण एवं अन्य कार्रवाई की जा रही है। परिवार एवं अन्य लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। ऑनलाइन गेमिंग और पैसे के लेनदेन की बात सामने आ रही है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।

