
रामनगर। बैलपड़ाव क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो महिलाएं सुबह घास लेने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। दोनों मृतक महिलाएं स्थानीय निवासी बताई जा रही हैं, जिनके परिवारों में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक महिलाओं की पहचान कमला देवी 55 वर्ष पत्नी शिवराज सिंह निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव और पुष्पा देवी 55 वर्ष पत्नी केवलानंद भट्ट निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कमला देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है, जबकि पुष्पा देवी की चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय दयाल सिंह पन्नू ने बताया कि कार गलत दिशा से आ रही थी, जिसने सीधे महिलाओं को टक्कर मारी दी। उन्होंने कहा कि हादसा बेहद दर्दनाक था और दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर हर्ष ने बताया कि दोनों महिलाएं ब्रॉडेड हालत में यहां पर लाई गई थी। वहीं पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

