
ऋषिकेश। थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के अंतर्गत मालकुंठी पुल के पास गंगा में नहाने के दौरान एक 18 वर्षीय युवक पानी के तेज बहाव में आकर गायब हो गया। युवक अपने परिवार के साथ दिल्ली से ऋषिकेश घूमने आया था। नहाते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम और ब्यासी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। फिलहाल एसडीआरएफ के डीप डाइवर लगातार नदी में युवक की तलाश कर रहे हैं। मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद है और राहत-बचाव कार्य में सहयोग कर रही है।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि डूबने वाले युवक की पहचान वंश (18 वर्ष) पुत्र तकदीर, निवासी निजामपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है।

