
पहाड़ का सच/एजेंसी।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली का पॉश इलाका चितरंजन पार्क (CR Park) शुक्रवार शाम गोलियों और चीख-पुकार से नहीं, बल्कि एक खौफनाक वारदात से दहल गया। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के सीआर पार्क इलाके में एक व्यक्ति और उसके बेटे की चाकू घोंपकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मृतकों की पहचान राकेश सूद (62) और उनके बेटे करण सूद (27) के रूप में हुई है, जबकि राहुल नामक एक रिश्तेदार घायल हुआ है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही तुरंत एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान असद के रूप में हुई है, जिसकी लंबे समय से पिता-पुत्र से दुश्मनी थी और यह घटना उसी का नतीजा थी। सिंह ने बताया, ”आरोपी तारा अपार्टमेंट का निवासी है। उसने दोनों पर शाम करीब छह बजे कथित तौर पर धारदार वस्तु से हमला किया।”
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पैसों के लेन-देन से जुड़े होने के कारण इस घटना को अंजाम दिए जाने का संदेह है। पुलिस ने बताया कि अपराध और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए, जबकि जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
