
– मोहकमपुर से अजबपुर फ्लाईओवर तक की योजना से हजारों परिवार प्रभावित
– मकानों पर लाल निशान लगे, संघर्ष समिति का आरोप जानबूझकर घनी बस्ती की ओर मोड़ी गई रोड
देहरादून। एनएच-07 पर मोहकमपुर से अजबपुर फ्लाईओवर तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के विरोध में आशारोड़ी एलिवेटेड रोड संघर्ष समिति के सदस्य बुधवार को विधानसभा के सामने धरने पर बैठ गए। प्रभावित क्षेत्रवासियों का कहना है कि भारत सरकार की 07 अगस्त 2026 की गजट अधिसूचना (संख्या-4205) के तहत इस योजना से हजारों मकान, जमीन और परिवार प्रभावित हो रहे हैं। एनएचएआई द्वारा संबंधित भवनों पर निशान भी लगा दिए गए हैं।
https://www.facebook.com/share/v/19nvxoz5um/
संघर्ष समिति ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि गजट के अनुसार एनएच-07 के किमी 0 से किमी 12.7 (मोहकमपुर से आशारोड़ी) के कुछ भाग में एलिवेटेड रोड और शेष भाग में हाईवे की चौड़ाई बढ़ाने की योजना स्वीकृत की गई है। योजना के अनुसार रोड मोहकमपुर से आईआईटी के पीछे होते हुए मोहकमपुर रेलवे फाटक, रुप नगर, जोगीवाला फाटक, बद्रीपुर, पूजावाला, फ्रेंड्स एन्क्लेव कालोनी, डिफेंस कालोनी, फाटक से रिस्पना नदी के बाद बाएं ओर की बस्ती (रेलवे कालोनी) और उसके आगे की बस्ती से होते हुए सोलिटियर होटल के पास अजबपुर फ्लाईओवर पर जुड़ने वाली है।
समिति का आरोप है कि पहले एचएच-07 की मेन रोड के ऊपर से ही एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन परियोजना में बदलाव कर उसे घनी गरीब बस्ती की ओर मोड़ दिया गया। उनका दावा है कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति की संपत्ति बचाने के लिए यह बदलाव किया गया। 2004-05 में भी इसी क्षेत्र के मकानों पर लाल निशान लगाए गए थे, लेकिन जनता के विरोध के कारण परियोजना वापस लेनी पड़ी थी।
प्रभावितों का कहना है कि जानकारी केवल एक सप्ताह पहले मिली, जब मकानों पर निशान लगने शुरू हुए। इससे पहले किसी माध्यम, समाचार पत्र या नोटिस से जनता को सूचित नहीं किया गया। कुछ लोगों के घर एलिवेटेड रोड के ठीक नीचे आ रहे हैं, जिससे संविधान के अनुच्छेद-21 के तहत जीवन के अधिकार के अंतर्गत उनकी शांति व सुरक्षा भी खतरे में है। क्षेत्रवासियों में भारी रोष है और वे किसी भी दशा में अपने घर देने को तैयार नहीं हैं।
धरना स्थल पर सुशील कुमार, टीएस नेगी, धीरज सिंह रावत, पीके भटनागर, मुकेश कुमार शर्मा, पं. राकेश पुरोहित, संतराम जायसवाल, एसपी नैथानी, श्रीमती ऊषा पडवाल, प्रशांत कुमार, महेन्द्र, सुरेश बहुगुणा, त्रिभुवन सिंह, श्रीमती पूनम कुकरेती, राजेन्द्र प्रसाद, अर्जुन सिंह, बलराम प्रजापति सहित अन्य उपस्थित रहे।


