Lavc60.9.100

– कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने दिलाई पार्टी की सदस्यता
देहरादून। विधानसभा चुनावों की आहट से प्रदेश में राजनीतिक सियासी हलचलें भी बढ़ रही है। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपना कुनबा बढ़ाने में जुटी है। इसी कड़ी में आज प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत की मौजूदगी में चकराता, सहसपुर, विकास नगर से कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
चकराता, सहसपुर, विकासनगर क्षेत्र के कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली है। कांग्रेस में शामिल होने वालों में चकराता विधानसभा से आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी रह चुके दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त आईजी पुलिस अनंत राम चौहान, सेवानिवृत्त कैप्टन ताजवार सिंह नेगी, सेवानिवृत्त कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, रिटायर्ड कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह शशांक भट्ट आदि प्रमुख लोग शामिल रहे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं को फूल मालाओं और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया, साथ ही उन्हें पार्टी के सदस्यता दिलवाते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक संगठन नहीं है। बल्कि, देश की आजादी, लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करने वाला विशाल जन आंदोलन है।
वहीं कांग्रेस प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक रावत का कहना है कि,“उत्तराखंड की बीजेपी सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। राज्य में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसे प्रमुख विषयों पर सरकार के पास कोई ठोस कार्य योजना नहीं है। कांग्रेस परिवार में नए नेताओं के शामिल होने से पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा। “
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड गणेश गोदियाल ने कहा है कि आज राजनीतिक और प्रशासनिक सेवाओं से सेवानिवृत हुए लोग कांग्रेस में शामिल हुए हैं। आम आदमी पार्टी से जुड़े कुछ नेताओं ने भी कांग्रेस का दामन थामा है। इसी तरह सहसपुर से फौज के कई अधिकारीगण कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। सभी चाहते हैं कि प्रदेश में राजनीतिक बदलाव हो। राज्य की वर्तमान सरकार उत्तराखंड के स्वाभिमान पर लगातार तमाचे पर तमाचे लगा रही है। इसलिए प्रदेश में राजनीतिक बदलाव होना जरूरी है.”-


