
पहाड़ का सच हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के कार्यालय में एसपी पर उनके ही ड्राइवर ने गोली चला दी । आरोप है कि एसपी सीपी नौटियाल से किसी बात को लेकर नाराज चल रहे चालक ने कार्यालय में घुसकर तमंचे से फायर किया। गोली एसपी के माथे के पास से छूकर निकल गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए तमंचा बरामद कर लिया है।
घटना शनिवार दोपहर की है। कनखल स्थित आईबी कार्यालय में एसपी बैठे हुए थे। बताया गया कि अस्थायी चालक विनोद नेगी किसी बात को लेकर एसपी से नाराज चल रहा था। अचानक वह तमंचा लेकर कार्यालय में पहुंचा और एसपी पर फायर झोंक दिया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि घायल अधिकारी की हालत खतरे से बाहर है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे तमंचा बरामद हुआ है। पूछताछ की जा रही है। फिलहाल उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।


