
– बड़े पुत्र योगी ने दिया कांधा, छोटे ने दी मुखाग्नि, अंत्येष्टि में शामिल हुए सीएम धामी
पहाड़ का सच हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी का पार्थिव शरीर शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। उनका अंतिम संस्कार चंडीघाट पर संपन्न हुआ।

सावित्री देवी (91 वर्ष) का शुक्रवार 20 नवंबर को उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। शनिवार सुबह पंचूर गांव से उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के चंडीघाट पहुंची। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माता की अर्थी को कंधा दिया और उनके सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट ने मुखाग्नि दी।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की माताजी स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। धामी ने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री ने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


