
पहाड़ का सच नई दिल्ली/देहरादून।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सोमवत 16 नवंबर को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व पार्टी महासचिव सी वेणुगोपाल से हुई मुलाकात को 2027 के विधानसभा चुनाव से लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

चर्चा है कि पूर्व सीएम हरीश रावत विधानसभा चुनावों को “लीड” भी करेंगे। यदि पार्टी के शीर्ष नेताओं की इस बात में रजामंदी है तो पार्टी के भीतर कुछ नेता असहज महसूस कर सकते हैं चूंकि हरीश रावत की सक्रियता संभवतया टिकिट वितरण में भी शामिल होगी।
पार्टी की तरफ से इस अहम मुलाकात का कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मीडिया से बातचीत में पूर्व सीएम रावत ने कहा कि गिले-शिकवे दूर हो चुके हैं और इस्तीफे की पेशकश पुरानी बात हो गई है। उन्होंने तर्क-वितर्क को बुनियादी मतभेद न मानने की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जमीन पर उतरने का संदेश दिया।
हालिया बयानों में रावत ने स्पष्ट किया था कि वह 2027 के चुनाव में मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं हैं और चुनाव के बाद नेतृत्व व राहुल गांधी सीएम तय करेंगे। वहीं बैठक के बाद उन्होंने कहा कि चुनाव वह लीड करेंगे और पद-प्रतिष्ठा की परवाह किए बिना पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।
कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है, जिसमें 45 से अधिक सीटों का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश कांग्रेस ने खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की रैलियों का खाका तैयार किया है, जिनके सफल आयोजन व जमीनी मुद्दों पर चर्चा हुई।
बताया जाता है कि हरीश रावत ने आलाकमान के सामने बेरोजगारी और पलायन के साथ-साथ भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा के मुद्दों को प्रमुखता से रखने की बात कही।


