
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने बुधवार को राज्य सरकार के खिलाफ राज्यभर में ‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ अभियान की शुरुआत की है। कांग्रेस का आरोप है कि धामी सरकार बहुमूल्य सरकारी जमीनों और ऐतिहासिक संपत्तियों को औने-पौने दामों या लंबी अवधि की लीज पर निजी हाथों में सौंप रही है। .कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री धामी पर निशाना साधा और कहा कि सरकार सरकारी जमीनों की बंदरबांट कर रही है।

गणेश गोदियाल (मसूरी / जॉर्ज एवरेस्ट): प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में मसूरी के हाथीपांव स्थित जॉर्ज एवरेस्ट की 144/142 एकड़ भूमि को निजी कंपनी को लीज पर दिए जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया।
हरीश रावत (हरिद्वार): पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में हरिद्वार के अलकनंदा घाट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और ‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ के नारे लगाए।
प्रीतम सिंह (विकासनगर / डाकपत्थर): चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में डाकपत्थर में सरकारी भूमि बेचने के प्रस्ताव के खिलाफ धरना दिया गया।
विक्रम सिंह नेगी (धनोल्टी): प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी के नेतृत्व में धनोल्टी में मार्च निकालकर धरना दिया गया और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया।
भाजपा का पलटवार
मदन कौशिक: भाजपा के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने रुड़की में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस के इस अभियान को उनकी राजनीतिक जमीन बचाने की कवायद बताया। उन्होंने नानीसार, धौलास और सिडकुल-टाटा मोटर्स भूमि आवंटन का हवाला देते हुए पिछली कांग्रेस सरकारों के फैसलों पर सवाल उठाए।
विनोद चमोली: भाजपा विधायक एवं प्रवक्ता विनोद चमोली ने कांग्रेस से मांग की कि वे जमीन बचाने की बात करने से पहले अपने शासनकाल में किए गए भूमि आवंटनों का जवाब दें।


