
देहरादून। दीपावली भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जो समाज में उल्लास, आत्मीयता और परस्पर सहयोग का संदेश देता है। इसी भाव को चरितार्थ करते हुए दीपावली के पावन अवसर पर सुभाष नगर की सेवा बस्ती ब्रह्मपुरी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग द्वारा फिनोलेक्स पाइप्स एवं फिटिंग्स के सहयोग से सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सेवा बस्ती के 500 परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर कार्यवाह सतेंद्र जी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने संघ द्वारा प्रतिपादित पंच परिवर्तन के विषयों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के लिए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध तथा नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों को अपने आचरण में उतारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज परिवर्तन का आधार व्यक्ति और परिवार का जागरण है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों के प्रति सजग होगा, तभी एक सशक्त, संगठित एवं समरस समाज की रचना संभव होगी।
इसके पश्चात फिनोलेक्स पाइप्स एवं फिटिंग्स के मार्केटिंग हेड अमन भंडारी ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सामाजिक सेवा के कार्यों में सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि त्योहारों की सार्थकता तभी है, जब समाज के सभी वर्गों के साथ प्रसन्नता और उल्लास साझा किया जाए। समाज के प्रति संवेदनशीलता एवं सहयोग का भाव ही सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाता है।
कार्यक्रम में महानगर सेवा प्रमुख विजय, सुभाष नगर के नगर कार्यवाह सहित सुभाष नगर के लगभग 70 स्वयंसेवक उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों ने सेवा बस्ती के परिवारों तक खाद्य सामग्री पहुंचाने में सक्रिय सहभागिता की।
दीपावली के अवसर पर आयोजित यह सेवा कार्य केवल खाद्य सामग्री वितरण तक सीमित नहीं रहा, अपितु समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आत्मीयता, सहयोग और अपनत्व के संबंधों को सुदृढ़ करने का माध्यम भी बना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सेवा गतिविधियों का मूल भाव समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर उसे समाज की सामूहिक शक्ति से जोड़ना है। ब्रह्मपुरी सेवा बस्ती के 500 परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करने का यह प्रयास इसी सामाजिक दायित्वबोध की अभिव्यक्ति रहा।


