
बुजुर्ग ने एसएसपी से लगाई गुहार, एसपी सिटी को सौंपी मामले की जांच
पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत का भी आया नाम इस विवाद में
पहाड़ का सच देहरादून। हाल ही के वर्षों में कांग्रेस नेत्री बनी खुड़बुडा निवासी जसबीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद रावत पर भवन खरीदने के नाम पर एक दिव्यांग व्यक्ति से धोखाधड़ी करने, कब्जा करने व मारपीट करने का आरोप लगा है।
दोनों हाथ गंवा चुके बुजुर्ग हरिओम सहगल ने शनिवार को एसएसपी देहरादून को शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि भवन बेचने के सौदे में उन्हें पूरी रकम नहीं मिली और भुगतान के लिए दिया गया चेक बाउंस हो गया। इसके बाद उन्हें अपने ही भवन से बेदखल कर दिया गया। मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है।
हरिओम सहगल के मुताबिक, उन्होंने 21 जून 2021 को खुड़बुड़ा मोहल्ला निवासी जसबीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद रावत जो खुद को पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता डा.हरक सिंह रावत की पत्नी बताती हैं, को दो विक्रय पत्रों के माध्यम से अपना भवन बेचा था। सौदे के तहत उन्हें एसबीआई और पंजाब नेशनल बैंक के कई चेक दिए गए थे।
आरोप है कि रजिस्ट्री के दिन 25.20 लाख और 10 लाख रुपये के दो चेक उनसे वापस ले लिए गए। उन्हें कोई नकद भुगतान भी नहीं किया गया। बाद में भुगतान के लिए 31 लाख रुपये का एसबीआई चेक दिया गया, जिसे अगस्त 2021 में बैंक में लगाने के लिए कहा गया। 20 अगस्त 2021 को खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने महाराष्ट्र के नासिक में चेक बाउंस का मामला दर्ज कराया। वहां की अदालत में सुनवाई के दौरान विपक्षी के पेश नहीं होने पर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के लिए परेशानी उठानी पड़ी। वर्ष 2024 में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मामला देहरादून स्थानांतरित कराया गया। इसके अलावा विक्रय पत्र निरस्त कराने के लिए भी दो वाद न्यायालय में लंबित हैं।
शिकायतकर्ता ने भवन को एमडीडीए की ओर से वर्ष 2018 में सील किए जाने के बावजूद सील तोड़कर इस्तेमाल किए जाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि भवन की सील किसकी अनुमति से हटाई गई। .एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र में स्थित संपत्ति के सौदे में विवाद की शिकायत लेकर बुजुर्ग आए थे। इस मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है। वह टीम गठित कर इस प्रकरण की जांच कराएंगे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
मुझे ब्लैकमेल कर रहा है सहगल : सोनिया
एसएसपी को शिकायत के बाद चर्चा में आए इस प्रकरण के संबंध में जसबीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद रावत ने कहा कि उन पर लगाए गए आरोपी निराधार हैं। वह उक्त संपत्ति के सौदे की पूरी रकम संबंधित व्यक्ति और उसकी पत्नी को दे चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हरिओम सहगल अब उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है। उसकी कई लोगों की करीब सात लाख रुपये देनदारी बर्काया थी वह राशि भी उन्होंने चुकता की थी। भुगतान संबंधी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने उनसे अभी संपर्क नहीं किया लेकिन जांच में वह सहयोग करेंगी और सभी दस्तावेज पुलिस टीम के साथ साझा करेंगी।


