
पहाड़ का सच चमोली। जनपद के विकासखंड पोखरी के तोणजी गांव में भालू ने गौशाला में घुसकर एक बछड़े को मार डाला और उसे खा लिया। उक्त घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।गौशाला के भीतर भालू के पहुंचने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अवतार सिंह नेगी की गौशाला में भालू घुस गया। इस दौरान भालू ने वहां मौजूद बछड़े को अपना निवाला बना लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भालू की आवाजाही से पशुपालकों के सामने अपने मवेशियों की सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया है। गौशालाओं में बंधे पशुओं पर वन्यजीवों के हमले की आशंका के चलते ग्रामीण चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने प्रभावित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई है।


