
अखिल भारतीय कांग्रेस के आह्वान पर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया दिल्ली कूच का आह्वान
पहाड़ का सच देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 12 अक्टूबर सोमवार को सुबह 11 बजे नई दिल्ली में लोकतंत्र, संविधान एवं नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी कार्यकताओं से दिल्ली कूच का आह्वान किया है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश के सभी कांग्रेसजनों से अपने साथियों एवं सहयोगियों सहित निर्धारित समय पर दिल्ली पहुचकर कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रदेश कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों तथा प्रदेश, जिला, महानगर, ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुँचें। सभी कार्यकर्ता पार्टी नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए पूर्ण अनुशासन, संयम एवं एकजुटता बनाए रखें तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की हिंसा, अभद्र व्यवहार अथवा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाली गतिविधियों से दूर रहें।
यदि प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका जाता है, तो सभी कांग्रेसजन वहीं शांतिपूर्ण ढंग से बैठकर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखें तथा पार्टी नेतृत्व के निर्देशों का पालन करें। जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखें और यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करें।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार का सम्मान, चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता तथा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन्हीं उद्देश्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने के लिए कांग्रेसजन एकजुट होकर नई दिल्ली में आयोजित विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी कांग्रेसजनों से अपील की है कि वे 12 अक्टूबर को प्रातः 11:00 बजे नई दिल्ली पहुँचकर दिल्ली चलो अभियान को सफल बनाएँ और लोकतंत्र एवं नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।


