
शिकायत, टैक्सी हायर की लेकिन अब तक पैसा नहीं दिया
पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने डीएम पौड़ी को दिया ज्ञापन
पहाड़ का सच पौड़ी। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस द्वारा जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के कार्यकाल एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डा.धन सिंह रावत के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए टैक्सी चालकों से जबरन नि:शुल्क वाहन उपलब्ध कराने और ऐसा न करने पर उन्हें प्रताड़ित किए जाने के मामलों का कड़ा विरोध जताया गया है।

प्रेस को जारी बयान में कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि
”टैक्सी चालक दिन-रात मेहनत करके अपनी आजीविका चलाते हैं। वाहन की किश्त, बीमा, परमिट, ईंधन, मरम्मत तथा परिवार का भरण-पोषण जैसे तमाम खर्चे उन्हें स्वयं वहन करने पड़ते हैं। ऐसी स्थिति में उनसे बिना किसी उचित भुगतान के वाहन उपलब्ध कराने का दबाव बनाना और असहमति जताने पर उन्हें परेशान करना उनके आर्थिक व व्यावसायिक अधिकारों पर सीधा प्रहार है।”
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी राजनीतिक, सार्वजनिक या निजी कार्यक्रम के लिए सेवा लेते समय चालकों की सहमति, निर्धारित किराये का भुगतान और उनके अधिकारों का ध्यान रखना आवश्यक है। किसी भी चालक को उसकी इच्छा के विरुद्ध नि:शुल्क वाहन देने के लिए बाध्य करना या कार्रवाई की धमकी देना पूरी तरह अनुचित है।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए और टैक्सी चालकों पर अनुचित दबाव बनाने वाले व्यक्तियों एवं अधिकारियों की भूमिका की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही किसी भी टैक्सी चालक को उसकी इच्छा के विरुद्ध नि:शुल्क वाहन उपलब्ध कराने के लिए बाध्य न किया जाए।
जिन टैक्सियों की सेवाएं ली गई हैं, उनका निर्धारित किराया एवं अन्य देय भुगतान नियमानुसार तुरंत सुनिश्चित किया जाए।
शिकायत करने वाले अथवा नि:शुल्क वाहन देने से मना करने वाले टैक्सी चालकों का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न या उनके खिलाफ दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई न होने दी जाए। गोदियाल ने कहा कि भविष्य में किसी भी सरकारी या राजनीतिक कार्यक्रम के लिए सेवाओं हेतु पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए ताकि चालकों की आजीविका एवं अधिकारों की सुरक्षा हो सके।
कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा टैक्सी चालकों को भयमुक्त वातावरण में व्यवसाय करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।


