प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने निर्वाचन आयोग को लिखा पत्र
पहाड़ का सच देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के आपत्तियों पर मतदाताओं को नोटिस जारी किए थे, अंतिम तिथि 28 सितंबर तक हरिद्वार ग्रामीण, विकासनगर व गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में आठ हजार दर्ज आपत्तियों की सुनवाई नहीं की गई।
गोदियाल ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिख कर तीन अक्तूबर 2026 को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले सभी आपत्तियों के निपटारा करने की मांग की है। उन्होंने कहा, कांग्रेस एसईआर प्रक्रिया में ईआरओ की ओर से फार्म-7 के स्वतः जनरेट किए जाने का स्पष्ट विरोध करती है। उनका कहना है कि मतदाता सूची में विसंगति व नो मैपिंग के आधार पर स्वतः आपत्ति नहीं मानी जा सकती। नियमानुसार फार्म-7 संबंधित व्यक्ति की ओर से प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ईआरओ एक साथ आपत्तिकर्ता, जांचकर्ता और निर्णयकर्ता नहीं हो सकता। कांग्रेस किसी भी ऐसे निर्देश का विरोध करती है जो वैधानिक निर्वाचन नियमों के विपरीत हो। कांग्रेस ने सवाल किया कि फार्म-7 को किस वैधानिक प्रावधान के तहत जनरेट किया गया।
हरिद्वार ग्रामीण में 123 पात्र मतदाताओं को स्वतः जनरेट हुए फार्म-7 से विलोपन के लिए दर्शाया गया, जिन्हें कांग्रेस ने सत्यापन में पात्र पाया है। 28′ सितंबर 2026 की फार्म-10 सूची में हरिद्वार ग्रामीण में 3,503, विकासनगर में 2,444 और गदरपुर में 1,980 वोटरों को फार्म-7 के जरिये नोटिस जारी किए गए। कांग्रेस ने सभी गलत प्रस्तावित मतदाताओं का तत्काल भौतिक सत्यापन कर नाम बहाल करने की मांग की है।

