– पिटकुल निदेशक मंडल की बैठक में हुआ तय, अब तक का सबसे अधिक का लाभांश
– लाभांश व एजीएम के उम्दा रिकॉर्ड के लिए निदेशक मंडल ने प्रबन्धन की तारीफ की
पहाड़ का सच देहरादून। वित्तीय वर्ष 2026 में पिटकुल को 128 करोड़ का विशुद्ध लाभ हुआ जो एक रिकार्ड है। निदेशक मण्डल ने सरकार को 26.35 करोड़ लाभांश सरकार को प्रदान करने की सहमति दी है।

मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष, पिटकुल आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में पिटकुल की 108वीं बोर्ड बैठक एवं 22वीं एजीएम सम्पन्न हुयी, जिसमें पिटकुल द्वारा रिकार्ड चौथी बार निर्धारित अवधि से पूर्व एजीएम की बैठक सम्पन्न करवाते हुये बैठक में सरकार को 25.65 करोड़ ( पच्चीस करोड़ पैंसठ लाख मात्र) का लाभांश प्रदान करने पर सहमति बनी।
सचिवालय परिसर में मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन एवं अध्यक्ष, पिटकुल आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में पिटकुल की निदेशक मण्डल की 108वीं तथा 22वीं एजीएम की बैठक सम्पन्न हुयी।

बैठक में मुख्य सचिव के अलावा प्रमुख सचिव आरके सुधांशु , प्रमुख सचिव (ऊर्जा), डाॅ. आर मीनाक्षी सुन्दरम, अपर सचिव खजान चंद्र पांडे, स्वतंत्र निदेशक एन रविशंकर (पूर्व मुख्य सचिव) स्वतंत्र निदेशक पराग गुप्ता, स्वतंत्र निदेशक अरविन्द बड़थ्वाल, पिटकुल एवं उपाकालि प्रबन्ध निदेशक पीसी ध्यानी, यूजेवीएन लि के प्रबन्ध निदेशक अजय कुमार सिंह, उप सचिव (ऊर्जा) अतुल कुमार सिंह, महाप्रबन्धक (वित्त) एवं सीएफओ पिटकुल मनोज कुमार एवं कम्पनी सचिव अरूण सभरवाल के साथ पिटकुल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान पिटकुल की 31 मार्च, 2026 तक की काॅस्ट ऑडिट रिपोर्ट तथा ऑडिट एनुअल एकाउन्टस एवं स्टेच्यूटरी ऑडिटर रिपोर्ट पर चर्चा के उपरान्त निदेशक मंडल तथा एजीएम द्वारा पास की गयी, जिसमें पिटकुल को वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्राप्त हुए रिकार्ड शुद्ध लाभ 128 करोड़ ( एक सौ अट्ठाइस करोड़) में से सरकार को 25.65 करोड़ ( पच्चीस करोड़ पैंसठ लाख) का लाभांश देने पर निदेशक मंडल एवं एजीएम में सहमति प्रदान की गयी।
प्रबन्ध निदेशक पीसी ध्यानी के प्रबंधन में पिटकुल द्वारा लगातार चौथी बार निर्धारित समयावधि से पूर्व एजीएम बैठक करवाकर नया रिकार्ड बनाया गया। सरकार को लाभांश देने पर पिटकुल के निदेशक मंडल एवं एजीएम द्वारा सहमति प्रदान की गयी। पिटकुल के इतिहास में यह सरकार को अब तक का सर्वाधिक लाभांश है। विगत वर्ष 2024-25 में साढे बारह करोड़ रूपये दिया गया था।
पिटकुल द्वारा रिकार्ड चौथी बार निर्धारित अवधि से पूर्व एजीएम की बैठक सम्पन्न करवाने एवं लाभ प्राप्त करते हुये लगातार चौथी बार सरकार को लाभांश प्रदान करने के लिये पिटकुल के निदेशक मण्डल द्वारा पिटकुल प्रबन्धन तथा पिटकुल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुये सराहना की गयी।

