चमोली। जिले के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में भारतीय सेना में तैनात जवान संदीप गौड़ की मौत हो गई। वह छुट्टी लेकर अपने घर कुरूड़ लौट रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, संदीप गौड़ देर रात लुंतरा की ओर से कार लेकर अपने गांव कुरूड़ लौट रहे थे। रात करीब दो बजे तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए। उनके भाई पवन समेत ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन रात का अंधेरा, बारिश और खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहन का पता नहीं चल सका। परिजन पूरी रात संदीप की तलाश करते रहे। सुबह सड़क से नीचे एक कार की नंबर प्लेट दिखाई देने के बाद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद नीचे जाकर देखा गया तो खाई में संदीप की कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी थी।
घटना की सूचना मिलते ही नंदनगर थाना पुलिस और SDRF मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया, काफी मशक्कत के बाद जवान का पार्थिव शरीर सड़क पर लाया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई हेतु भेजा गया।
संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह करीब आठ वर्षों से सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। उनके परिवार में पत्नी और करीब एक साल का छोटा बच्चा है। परिवार के लिए यह हादसा बेहद सदमे वाला है। जवान की असामयिक मौत की खबर मिलते ही कुरूड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिचितों ने संदीप के निधन पर गहरा दुख जताया है।

