
सीएम ने समस्त जिलाधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक
पहाड़ का सच देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भर में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 15 अक्तूबर की समय सीमा तय की है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करें। मानसून खत्म होने के बाद पूरे प्रदेश में अभियान शुरू कर दें।
सीएम आवास में मुख्यमंत्री ने सोमवार को 13 जिलों के डीएम के साथ वर्चुअल बैठक कर मानसून की स्थिति, चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, आपदा प्रबंधन, जन-जन के द्वार कार्यक्रम, सत्यापन अभियान, सड़कों को गड्ढामुक्त करने के विषयों पर चर्चा कर दिशानिर्देश दिए। सीएम ने कहा मानसून को देखते हुए सतर्कता बढ़ाते हुए
आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा जाए
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जहां-जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं है या ड्रेनेज सिस्टम में समस्या उत्पन्न हुई है, उनका जिलाधिकारी स्तर पर विवरण तैयार करें। ऐसे स्थानों का चिह्नीकरण कर मरम्मत कार्य करें। कहा कि जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम में मानसून के बाद तेजी लाई जाए।
इस मौके पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, गढ़वाल राजीव स्वरूप, सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक मौजद रहे।

