
एक लापता, किशोर घायल, हरिद्वार के परिवार पर टूटा कहर
एसडीआरएफ ने दुर्गम खाई में घंटों चलाया रेस्क्यू अभियान
देवप्रयाग/देहरादून। देवप्रयाग पौड़ी मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक लापता और एक किशोर घायल है।
जानकारी के अनुसार पौड़ी जनपद के देवप्रयाग क्षेत्र में डंपिंग जोन के समीप शुक्रवार को एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा।हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 16 वर्षीय किशोर घायल हो गया। वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका और उसकी तलाश में एसडीआरएफ, पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन का संयुक्त खोज अभियान जारी रहा।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की श्रीनगर पोस्ट से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में टीम अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। गहरी खाई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जांच में सामने आया कि बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल अरम (16 वर्ष), पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। एसडीआरएफ ने अभियान के दौरान वाहन से पांच शव बरामद किए।
मृतकों की पहचान अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष), गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष), सब्बू पत्नी अफजाल (40 वर्ष), अनामिया (3 वर्ष) और शादाब (14 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और घायल सभी हरिद्वार के रायपुर जीतपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। सीएम धामी व सांसद अनिल बलूनी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया।

