
सचिवालय में तैनात पति समेत तीन पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
पिछले साल नवंबर में हुई थी शादी,मौत से पहले वीडियो में व्यक्त की थी पीड़ा
मृतका की मां ने पति समेत ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
पहाड़ का सच डोईवाला। हर्रावाला में रहने वाली टिहरी जिले में तैनात शिक्षिका सृष्टि कंडारी की शादी के मात्र आठ महीने बाद हुई संदिग्ध मौत के मामले में सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात पति, मां व बहन पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
सृष्टि की 29 जुलाई को रहस्यमय तरीके से मौत हो गयी थी। 29 जुलाई की रात पोस्ट मार्टम होने के बाद 30 जुलाई की दोपहर हरिद्वार के खड़खड़ी शमशान घाट में सृष्टि का अंतिम संस्कार किया गया। सृष्टि की मां सीमा कंडारी की तहरीर पर डोईवाला थाने में बीएनएस की धारा 80 (2) के तहत 29 जुलाई को मामला दर्ज किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक सृष्टि ने मौत से पहले एक वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा भी व्यक्त की। उसने ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। वीडियो बनाने के बाद सृष्टि की तबियत बिगड़ने पर ससुराली कैलाश हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने सृष्टि को मृत घोषित कर दिया।
राजकीय इंटर कालेज रिगोली (मल्ली), विकासखण्ड कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल में तैनात सृष्टि का नवंबर 2025 में दून निवासी सौरभ खत्री के साथ विवाह हुआ था। सृष्टि का पति सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव के पद पर है।
मृतका की मां सीमा कंडारी ने हर्रावाला पुलिस चौकी में दी गई तहरीर में अपनी बेटी की हत्या का आरोप सचिवालय में कार्यरत पति, सास, ननद और अन्य ससुरालियों पर लगाया है।शिकायत में दावा किया गया है कि शादी के बाद से सृष्टि को दहेज और अन्य कारणों को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़िता की मां ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में देहरादून निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। उसे मनहूस कहकर अपमानित किया जाता था । परिवार में घटित घटनाओं के लिए भी उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था।
तहरीर के अनुसार, ससुराल पक्ष द्वारा सृष्टि से कहा जाता था कि उसके घर आने के बाद परिवार में अशुभ घटनाएं होने लगी हैं और उसके कारण ही परिवार के एक सदस्य की मृत्यु हुई। बताया जाता है कि शादी के कुछ ही महीनो बाद सृष्टि के ससुर का देहांत हो गया था। उसके लिए भी सृष्टि को कोसा जा रहा था।
मृतका की मां का आरोप है कि उनकी बेटी ने कई बार फोन पर उन्हें अपनी प्रताड़ना के बारे में बताया था।
सीमा कंडारी ने अपनी तहरीर में कहा है कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस घटना में पति सौरभ खत्री, उसकी मां, बहन तथा अन्य परिजनों की भूमिका है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
डोईवाला थाना प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतका की मां के बयान लेने के अलावा साक्ष्य एकत्रित किये जा रहे हैं।
खबर लिखे जाने तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी।



