
एसआईआर के दूसरे चरण की प्रक्रिया में पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता, सतर्क रहें सभी स्तर के बीएलए
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के सभी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), विधानसभा प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के द्वितीय चरण की प्रक्रिया में पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ जुट जाने का आह्वान किया है।
भाजपा, कांग्रेस के लोगों के वोट निरस्त करना चाहती है: गोदियाल
गोदियाल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं निष्पक्ष होना लोकतंत्र की आधारशिला है। ऐसे में एसआईआर के द्वितीय चरण के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे तथा किसी भी पात्र नागरिक का नाम अनावश्यक रूप से न हटे, इसके लिए कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक पूरी सजगता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने सभी बीएलए, विधानसभा प्रभारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य पर सतत निगरानी रखें, पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा यदि किसी मतदाता के नाम के संबंध में कोई आपत्ति अथवा त्रुटि सामने आती है तो उसका तत्काल नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क करें।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर बूथ स्तर पर प्रभावी कार्य करने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए एसआईआर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। .प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता लोकतंत्र की मजबूती एवं मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
परिवर्तन संकल्प यात्रा स्थगित
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के संयोजन में आयोजित किये जा रहे ’’परिवर्तन संकल्प यात्रा’’ के तहत देहरादून जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में दिनांक 2 अगस्त 2026 से 5 अगस्त 2026 तक आयोजित ’’परिवर्तन संकल्प यात्रा’’ को प्रदेश में चल रही एसआइआर की प्रक्रिया को दृष्टिगत रखते हुए स्थगित कर दिया गया है। यात्रा कार्यक्रम की अगली तिथि दिनांक 10 अगस्त 2026 के उपरान्त घोषित की जायेगी। .

बीएलओ को परिवार रजिस्टर सौंपे जाएं: प्रीतम सिंह
देहरादून। कांग्रेस पार्टी के केन्द्रीय चुनाव समिति के सदस्य एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से एसआईआर प्रक्रिया के द्वितीय चरण से पूर्व सम्बन्धित अधिकारियों को परिवार रजिस्टर सौंपने की मांग की है।
पार्टी प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में प्रीतम सिंह ने कहा है कि राज्य में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण SIR कार्यक्रम के द्वितीय चरण की प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से प्रारम्भ की जानी है। प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची के सत्यापन एवं पात्र मतदाताओं के नामों के सही परीक्षण हेतु परिवार रजिस्टर एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आधारभूत अभिलेख है। यदि बूथ स्तर के अधिकारियों ( BLO ) को परिवार रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो मतदाताओं के सत्यापन में कठिनाई उत्पन्न होने की संभावना रहेगी।
इससे पात्र मतदाताओं के नाम छूटने अथवा अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल रहने जैसी त्रुटियाँ हो सकती हैं, जिससे मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता प्रभावित होगी। प्रीतम सिंह ने कहा कि इस संदर्भ में उनके द्वारा गुरुवार और इससे पूर्व भी मुख्य विकास अधिकारी, देहरादून से दूरभाष पर वार्ता कर अनुरोध किया गया, इसके बावजूद परिवार रजिस्टर नहीं दिये गये हैं।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग करते हुए कहा कि एसआईआर के द्वितीय चरण की प्रक्रिया प्रारम्भ करने से पूर्व राज्य के सभी संबंधित बूथ स्तर के अधिकारियों को अद्यतन परिवार रजिस्टर उपलब्ध कराये जांय, ताकि मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके तथा किसी भी पात्र मतदाता को अपने मताधिकार से वंचित न होना पड़े। उन्होंने निर्वाचन आयोग से आशा व्यक्त की है कि जनहित एवं निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता को दृष्टिगत रखते हुए इस विषय में निर्वाचन आयोग द्वारा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

