Lavc57.107.100

रुद्रपुर। सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस की चंगुल से दो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने फिल्मी स्टाइल में दोनों को दौड़ाकर फिर से दबोच लिया। इसी बीच आक्रोशित भीड़ ने भी आरोपियों पर हाथ साफ कर दिया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी।
मिली जानकारी अनुसार आरोपियों के पकड़े जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। काफी संख्या में मौजूद लोगों ने दोनों आरोपियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। भीड़ में शामिल लोग आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें फांसी की सजा दिए जाने की मांग कर रहे थे। कुछ लोगों ने आरोपियों पर लात-घूंसों से हमला भी किया, जिससे घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पहले अपने स्तर पर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ लगातार बढ़ती गई। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को पीछे हटाया और दोनों आरोपियों को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।
बताते चलें कि बीती 25 जुलाई को रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती ने तीन युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। आरोप था कि शनिवार की रात वो अपनी सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। इसी दौरान बाइक सवार 3 युवक वहां पहुंचे और उन्हें रोक लिया। आरोप था कि तीनों आरोपी जबरन चारों युवक-युवतियों को जबरदस्ती और बलपूर्वक अपनी बाइक पर बैठाकर गदरपुर की ओर ले जाने लगे।
इसी बीच रास्ते में मौका पाकर एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकल गए। जबकि, दूसरी युवती और युवक आरोपियों के कब्जे में ही रहे।आरोप था कि बदमाश दोनों को गदरपुर क्षेत्र की तरफ ले गए। जहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक को रास्ते में ही उतार दिया। जबकि, युवती को अपने साथ ले गए. पीड़िता का आरोप था कि इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया। पूरी रात अपने कब्जे में रखने के बाद रविवार की सुबह उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए।
वहीं, किसी तरह पीड़िता ने अपने परिचितों और पुलिस को पूरे घटना की जानकारी दी। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। इसी कड़ी में बीती देर रात यानी 27-28 जुलाई की रात करीब डेढ़ बजे के आस पास आरोपियों को पुलिस दबोचने गई। जहां आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के मुताबिक, पुलिस के जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। जबकि, दो अन्य आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया। जिसके बाद एक आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो दो अन्य आरोपियों को आज घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएट किया गया। जहां से वापसी आने के दौरान यह पूरा घटनाक्रम हुआ।

