
बिष्ट का जाना कांग्रेस के लिए भारी क्षति : गोदियाल
पहाड़ का सच देहरादून। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय देहरादून में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। शोकसभा में कांग्रेसजनों ने अपने नेता स्व हीरा सिंह बिष्ट को पुष्पांजलि अर्पित करते हुऐ श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट कांग्रेस पार्टी के एक अनुभवी वरिष्ठ नेता थे जिनके निधन से कांग्रेस पार्टी को अपूर्णीय क्षति हुई है। उनके असमय चले जाना हम सबके लिए असीमित दुःख का विषय है। बिष्ट ने उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखण्ड तक के अपने लम्बे राजनैतिक सफर में दोनों प्रदेशों के विकास की बात हमेशा सदन में रखी तथा उत्तराखण्ड सरकार में मंत्री रहते हुए नये आयाम स्थापित किये। उनका असमय आकस्मिक निधन प्रदेश एवं क्षेत्र के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के लिए भी अपूर्णीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट के निधन से राजनीति में जो स्थान रिक्त हुआ है उसकी पूर्ति कभी नहीं की जा सकती है। छात्र राजनीति से लेकर उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड तक का उनका लम्बा राजनैतिक सफर रहा है जिसमें उन्होंने कई उतार-चढाव देखे हैं। स्व हीरा सिंह बिष्ट के रूप में कांग्रेसजनों ने अपना एक मार्ग दर्शक खो दिया है। उनके कुशल एवं अनुभवी नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया जिसके लिए वे सदैव याद किये जायेंगे।
कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर स्व हीरा सिंह बिष्ट की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों एवं शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के आवास पर पहुंच कर उन्हें पुष्प चक्र एवं कांग्रेस पार्टी का ध्वज चढ़ाया तथा सभी कांग्रेसजनों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महामंत्री विजय सारस्वत, राजेन्द्र शाह, सुरेन्द्र रांगड़, नवीन जोशी, अश्विनी बहुगुणा, प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रवक्ता सुजाता पॉल, डॉ0 प्रतिमा सिंह, मंजू त्रिपाठी, राजीव कुमार, आशीष नौटियाल, उपेन्द्र थापली, यशपाल चौहान, कविन्द्र इष्टवाल, पिया थापा, अखिलेश उनियाल, अमरदेव गोनियाल, पूनम कंडारी, विरेन्द्र पंवार, चन्द्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, कमल सिंह रावत, प्रीतम आर्य, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, लाखीराम बिजलवाण, करतार नेगी, विकास नेगी टिचकुले, मदन कोहली, शरीफ बेग, हुकम सिंह कठैत, निधि नेगी, नितिन बिष्ट, अजय रावत, आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
नेता प्रतिपक्ष आर्य ने भी बिष्ट के निधन पर शोक जताया
उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट जी निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन कांग्रेस परिवार, उत्तराखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है।
यशपाल आर्य ने अपने शोक संदेश में कहा कि हीरा सिंह बिष्ट जी ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, मजदूरों, वंचित एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए समर्पित किया। वे सिद्धांतनिष्ठ, संघर्षशील और जनसेवा के प्रति पूर्णतः समर्पित नेता थे। उनके व्यक्तित्व में सादगी, संवेदनशीलता और जनहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का अद्भुत समन्वय था।
उन्होंने कहा कि श्री बिष्ट जी के निधन से कांग्रेस परिवार ने अपना एक वरिष्ठ, अनुभवी एवं कर्मठ साथी खो दिया है। उनका मार्गदर्शन, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके साथ बिताए अनेक क्षण और उनका स्नेहिल मार्गदर्शन सदैव स्मृतियों में जीवित रहेगा।

