
प्रेस क्लब में सजी थी दो कुर्सियां, हेमंत ने दी थी सार्वजनिक बहस की चुनौती
गोदियाल ने कहा, दानराशि गायब होने का जवाब दे भाजपा, कांग्रेस हर मंच पर बहस को तैयार
देहरादून। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे और दानराशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सत्तारूढ़ दल और कांग्रेस के बीच राजनीति गरमा गई है। इस बीच बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी द्वारा दी गई सार्वजनिक बहस की चुनौती नया राजनीतिक मुद्दा बन गई।
उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि चुनौती देने के बावजूद बीकेटीसी अध्यक्ष निर्धारित समय 12.30 बजे तक प्रेस क्लब नहीं पहुंचे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस तथ्यों और दस्तावेजों के साथ बहस के लिए मौजूद रही, लेकिन दूसरी कुर्सी खाली रह गई। इससे स्पष्ट है कि भाजपा और बीकेटीसी के पास बदरीनाथ चढ़ावा चोरी प्रकरण पर जनता के सवालों के जवाब नहीं हैं।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि जो व्यक्ति सार्वजनिक रूप से बहस की चुनौती देता है और फिर निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होता, वह अपनी विश्वसनीयता स्वयं कमजोर करता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी सार्वजनिक मंच पर तथ्यों के आधार पर चर्चा के लिए तैयार है और भाजपा को भी अपने कार्यकाल में सामने आए इस प्रकरण पर जवाब देना चाहिए।गोदियाल ने कहा कि भाजपा और बीकेटीसी के पदाधिकारी जानबूझकर मुद्दे को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रमोद नौटियाल की नियुक्ति वर्ष 2003 में हुई थी। वर्ष 2010 में भाजपा सरकार के दौरान उसके नियमितीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया और वर्ष 2014 में शासन स्तर पर उसे मंजूरी मिली। इसलिए नियुक्ति और नियमितीकरण को लेकर कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोप तथ्यों से परे हैं।
उन्होंने कहा कि वास्तविक प्रश्न यह नहीं है कि किसी कर्मचारी की नियुक्ति कब हुई, बल्कि यह है कि बदरीनाथ धाम में दानराशि की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताएं किसके कार्यकाल में हुईं। यदि सीसीटीवी फुटेज में नोटों की गड्डियां गायब होने और मंदिर की दानराशि की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं, तो इसकी जवाबदेही वर्तमान सरकार और मौजूदा बीकेटीसी प्रबंधन की बनती है।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा हर बड़े विवाद में अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाती है। .गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में पिछले नौ वर्षों से भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है। यदि उनके कार्यकाल से जुड़े किसी मामले में अनियमितता थी तो आज तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस न तो किसी तथ्य से भागती है और न ही किसी बहस से। यदि बीकेटीसी अध्यक्ष में साहस है तो वे किसी भी सार्वजनिक मंच पर आकर दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर चर्चा करें। कांग्रेस हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन भाजपा को भी बदरीनाथ चढ़ावा चोरी प्रकरण और मंदिर की दानराशि की सुरक्षा से जुड़े सवालों का जवाब देना होगा।
गोदियाल ने कहा कि देवभूमि की आस्था सर्वोपरि है।
मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई दानराशि की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और मंदिर समिति की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
आयुक्त ने शुरू की जांच
बदरीनाथ चंदा चोरी मामले में चमोली पुलिस 13 जुलाई को निजी सहायक प्रमोद नौटियाल को जेल भेज चुकी है जबकि शासन स्तर पर गठित कमेटी भी जॉच के लिए बदरीनाथ पहुंच रही है। कमिश्नर आनन्द स्वरूप मामले की जॉच करेंगे।

गोदियाल के कार्यकाल में नौटियाल को दी गई नियुक्ति: हेमंत द्विवेदी
बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर निशाना साधते हुए कहा कि गणेश गोदियाल का बद्री केदार समिति में सबसे लंबा कार्यकाल रहा।
इस दौरान उन्होंने कई दिनों कारगुजारियों को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि चंदा चोरी की घटना में आरोपित प्रमोद नौटियाल को कांग्रेस अध्यक्ष मेरा निजी सचिव बता रहे हैं जबकि हकीकत तो ये है कि गोदियाल जी के कार्यकाल में ही नौटियाल को व्यक्तिगत सहायक के पद पर नियुक्ति दी गई। वो कोई निजी सचिव नहीं है बल्कि समिति का स्थाई कर्मचारी है।
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत सहायक एक विभागीय पद है और आरोपित पहले यहां इंटरनेट कॉर्डिनेटर था जिसकी गलत तरीके से व्यक्तिगत सहायक के पद पर नियुक्ति भी गणेश गोदियाल द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना का खुलासा होने पर आरोपित को समिति की ओर से नोटिस जारी करने के साथ ही जांच समिति गठित कर दी गई थी।
आरोपी को निलंबित करने के साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। उन्होंने की सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

