
आंतरिक कलह को दूर करने की हिदायत, नेता संयमित बयान दें
अनुशासनहीनता पर पीसीसी को सख्त कदम उठाने की सलाह .
पहाड़ का सच देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव संगठन के सी वेणुगोपाल ने सभी कार्यकर्ताओं से मिशन 2027 के लिए जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपसी कलह को दूर कर भाजपा की नीतियों के दुष्परिणाम लोगों तक।पहुंचाओ। पार्टी महासचिव ने अनुशासनहीनता पर पीसीसी को सख्त कदम उठाने की सलाह दी है। हाल ही में पीसीसी ने अनुशासनहीनता के चलते एक महिला समेत पिथौरागढ़ के तीन नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने देहरादून (उत्तराखंड) दौरे के पहले दिन पार्टी की अंदरूनी कलह को दूर करने और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाने पर जोर दिया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य राज्य इकाई की कमियों को दूर करना और नई प्रदेश कार्यकारिणी व जिला इकाइयों के गठन में तेजी लाना था।
पार्टी आलाकमान की ओर से वेणुगोपाल ने स्पष्ट रूप से गुटबाजी और अनुशासनहीनता को लेकर नेताओं को कड़ी चेतावनी दी। वरिष्ठ नेताओं के साथ ‘वन-टू-वन’ बैठक करके उन्होंने जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की नाराजगी को भांपने और उसका समाधान निकालने का प्रयास किया।इस दौरे से कांग्रेस ने उत्तराखंड में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए जमीनी स्तर पर एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया है, ताकि 2027 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को कड़ी टक्कर दी जा सके।

