
पिथौरागढ़। सीमांत जनपद के धारचूला से करीब 42 किलोमीटर दूर पम्पा क्षेत्र के पास पंचाचूली बेस कैंप से लौट रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो वाहन पर अचानक पहाड़ी से एक विशाल चट्टान आ गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के कोटा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र से नौ पारिवारिक रिश्तेदार उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे। परिवार ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन के बाद दारमा घाटी और पंचाचूली बेस कैंप का भ्रमण किया। शुक्रवार दोपहर लौटते समय परिवार के कुछ सदस्य स्कॉर्पियो वाहन में सवार थे।
दोपहर करीब 1:30 बजे पम्पा के समीप अचानक पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान टूटकर स्कॉर्पियो के अगले हिस्से पर गिर गई। हादसे में चालक सुरेंद्र गर्ब्याल (50) निवासी गर्ब्यांग, धारचूला तथा केशव खंडेलवाल (15) निवासी रामगंजमंडी, राजस्थान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऋषभ खंडेलवाल (30), राघव खंडेलवाल (17), रूनी खंडेलवाल (26) और आयुष खंडेलवाल (24) दुर्हैंघटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय धारचूला भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

