
फेसबुक अकाउंट पर भारतीय सैनिकों और उनकी पत्नियों को लेकर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
हल्द्वानी। हल्द्वानी की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीक्षा पांडे ने सोमवार को संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया पर किए गए एक विवादित पोस्ट के बाद दीक्षा पांडे लगातार चर्चा में थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर भारतीय सैनिकों और उनकी पत्नियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं और विरोध शुरू हो गया था। मामले को लेकर विभिन्न संगठनों ने भी नाराजगी जताई थी।
पहाड़ी आर्मी संगठन ने दीक्षा पांडे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर भी दी थी। सोशल मीडिया पर लगातार हो रही आलोचना और ट्रोलिंग के बीच दीक्षा ने कथित तौर पर आत्महत्या की चेतावनी भी दी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को पुलिस कार्यालय में उनकी काउंसलिंग कराई गई।
पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद वह अपने कोटाबाग स्थित घर लौट गईं। घर पहुंचने के कुछ समय बाद उन्होंने संदिग्ध जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं हल्द्वानी के पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी ने बताया कि दीक्षा पांडे की हालत अब नियंत्रण में है और वह खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि आखिर उन्होंने किस प्रकार का पदार्थ सेवन किया था, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद और मानसिक दबाव को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

