
दून में सफाई नायक को घूस लेते दबोचा
पहाड़ का सच बेतालघाट,नैनीताल/देहरादून। विजिलेंस ने सोमवार को दो अलग अलग घटनाओं में दो घूसखोर कर्मियों को पकड़ा। नैनीताल व दून जिले में जाल बिछाते हुए विजिलेंस ने एक दारोगा और एक सफाई नायक को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के मुताबिक खनन पट्टे से आरबीएम (RBM) निकालकर स्थानीय स्टोन क्रेशर तक परिवहन करने वाले कारोबारी से 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगना एक दारोगा को भारी पड़ गया।
सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने आरोपी पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामले के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सरकारी खनन पट्टे पर आरबीएम निकालने का कार्य करता है। .आरबीएम को खनन क्षेत्र से स्थानीय स्टोन क्रेशर तक पहुंचाने के लिए वाहनों का प्रयोग किया जाता है।
आरोप था कि कांस्टेबल दीपक सिंह, पुत्र खुशाल सिंह, निवासी बिलहरी, चकरपुर, थाना कोतवाली खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर, वर्तमान तैनाती थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल, वाहनों के परिवहन में अनावश्यक रोकटोक कर रहा था।
शिकायत में कहा गया कि आरोपी पुलिसकर्मी वाहन चालान कराने और वाहन सीज करने का भय दिखाकर शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांग रहा था। .सतर्कता टीम द्वारा शिकायत की जांच की गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई।
ट्रैप टीम ने रविवार 25 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल दीपक सिंह को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में चापड़ देव सिंह के मकान में रह रहा था।
चालान निपटाने के नाम पर रिश्वतखोर नगर निगम कर्मी गिरफ्तार
विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई में 3 हजार रुपये लेते रंगे हाथ दबोचा गया सफाई नायक
भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के सुपरवाइजर/सफाई नायक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये के चालान को निपटाने के एवज में 3 हजार रुपये की अवैध धनराशि मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर-1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी चांदचक रोड, बंजारावाला स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान के बाहर पानी फैला हुआ था। इस पर नगर निगम देहरादून में तैनात सुपरवाइजर/सफाई नायक अंकुश कुमार ने उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया था।
आरोप है कि चालान को निपटाने के बदले अंकुश कुमार ने शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून ने ट्रैप टीम का गठन किया।
विजिलेंस टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकुश कुमार को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज कर भ्रष्टाचार उन्मूलन अभियान में सहयोग किया जा सकता है।

