
देहरादून। राजधानी देहरादून जिले की कमान अब तेज-तर्रार और जमीनी स्तर पर उतरकर काम करने वाले आइएएस अधिकारी आशीष चौहान को सौंप दी है। चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक सख्ती, जनसुनवाई और दूरदराज क्षेत्रों में सीधे पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने की शैली के कारण आशीष चौहान की पहचान राज्य के सक्रिय अधिकारियों में रही है।
आशीष चौहान इससे पहले पौड़ी, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जैसे संवेदनशील जिलों में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्ष 2025 में उन्हें पौड़ी डीएम पद से हटाकर यूकाडा (यूकाडा) का सीईओ और खेल एवं युवा कल्याण विभाग का निदेशक बनाया गया था।
राजधानी में कई चुनौतियां खड़ी
उत्तराखंड की राजधानी दून में ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण, अवैध प्लाटिंग, फर्जी रजिस्ट्री, जलभराव, बढ़ता प्रदूषण, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की धीमी रफ्तार और कानून-व्यवस्था जैसी कई बड़ी चुनौतियां नए डीएम के सामने होंगी।

