
उत्तरकाशी। जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दोस्तों के साथ घूमने निकला एक युवक मोबाइल फोन उठाने के दौरान अचानक गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना उप तहसील जोशियाड़ा क्षेत्र के कुटेटी से जसपुर-सिल्याण ग्रामीण सड़क मार्ग की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 34 वर्षीय विकास गुसाईं पुत्र देवेंद्र सिंह गुसाईं निवासी ग्राम कन्सेण के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब 6:24 बजे विकास अपने दोस्तों राहुल सिंह रावत और त्रिलोक नाथ के साथ घूमने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान चलते समय उसका मोबाइल फोन सड़क से नीचे जा गिरा। मोबाइल उठाने के लिए विकास सड़क किनारे ढलान की तरफ उतरा, लेकिन वहां बिछी चीड़ की सूखी पत्तियों यानी पीरुल पर उसका पैर अचानक फिसल गया। संतुलन बिगड़ते ही वह गहरी खाई में जा गिरा।
बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों साथी तुरंत नीचे पहुंचे और गंभीर रूप से घायल विकास को किसी तरह बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विकास गुसाईं ट्रैकिंग टीमों के साथ कुकिंग का काम करता था। उसके साथ मौजूद राहुल सिंह रावत और त्रिलोक नाथ ट्रैकिंग गाइड बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार विकास मिलनसार स्वभाव का था और पहाड़ी इलाकों में ट्रैकिंग समूहों के साथ लंबे समय से जुड़ा हुआ था। उसकी अचानक मौत की खबर से गांव और परिचितों में गहरा दुख है।

