
नैनीताल। जिले के सेनेटोरियम- रातीघाट बायपास रोड, भवाली स्थित ढैला गांव से 500 मीटर पहले एक महिंद्रा कार (वाहन संख्या यूपी 32 क्यूयू 1874) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन मैं 5 यात्री सवार थे।
हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार खाई में गिरते हुए नीचे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे वह वहीं अटक गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंची। खाई ज्यादा गहरी होने की वजह से रेस्क्यू टीम को रस्सियों के सहारे नीचे उतरना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को भी रस्सियों से खींचकर बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोग उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों में 2 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मृतकों की शिनाख्त और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने में जुटी है। वहीं प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या चालक के नियंत्रण खोने की वजह से हुआ।
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

