
लखनऊ। उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर सामने आ रही है। मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। प्रतीक 38 साल के थे। शुरुआती जानकारी मिली है कि सुबह करीब छह बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाए गए थे। डॉक्टर ने जांच पड़ताल करके उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को प्रतीक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अभी तक प्रतीक की मौत की वजह साफ नहीं हुई है। मुलायम सिंह के बेटे प्रतीक अपने पीछे पत्नी अपर्णा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पत्नी अपर्णा यादव राजधानी लखनऊ में नहीं थीं। प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही नेताओं का लखनऊ के सिविल अस्पताल में जमा होना शुरू हो गया। प्रतीक यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रतीक यादव का अपना रियल एस्टेट और जिम का कारोबार था। प्रतीक यादव लखनऊ स्थित ‘फिटनेस प्लैनेट’ जिम के मालिक थे। वो जीव आश्रय नामक संस्था का भी संचालन करते थे। प्रतीक देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में से एक यादव परिवार के छोटे बेटे थे। प्रतीक यादव राजनीति से हमेशा दूर रहते थे। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से अपनी पढ़ाई की थी।

