
दुल्हन का पिता बोला बेटी मेरी नाक कटाकर चली गई, नामजद FIR की जाय
पहाड़ का सच/एजेंसी।
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक नई दुल्हन शादी करने के तुरन्त बाद अपने प्रेमी के साथ भाग गई। इतना ही नहीं नई दुल्हन जिस युवक के साथ शादी करके उसके घर आई थी उस युवक के घर के सारे गहने तथा नगदी भी लूट ले गई है। दुल्हा अब उत्तर प्रदेश पुलिस से पत्नी वापिस दिलाने की गुहार लगा रहा है।
मिली जानकारी अनुसार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के भोगाँव थाना क्षेत्र में कुलीपुर नाम का गाँव पड़ता है। उत्तर प्रदेश के इसी कुलीपुर गाँव में रहने वाले जितेंद्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2026 को फर्रुखाबाद के कुंवरपुर लोथपुर की रहने वाली अचला पुत्री आदेश के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन कुछ दिनों बाद उसे पत्नी के व्यवहार पर शक होने लगा। पीडि़त का आरोप है कि उसकी पत्नी के गांव के ही रहने वाले अरुण कुमार नामक युवक से पहले से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी।
आरोप है कि 8 और 9 मई की रात नवविवाहिता अचला घर से गायब हो गई। घर में छानबीन करने पर पता चला कि घर में रखी सोने की चेन, अंगूठी, झाले, ब्रेसलेट, चांदी की पायल, करधनी समेत करीब 7 लाख के जेवर गायब हैं। इनमें मेरी बहन रूबी के जेवर भी शामिल हैं। 25 हजार रुपए भी नदारद हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि दुल्हन का प्रेमी अरुण कुमार नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता है और वहीं किसी अज्ञात स्थान पर उसकी पत्नी को छुपा रखा हुआ है। पीडि़त ने आरोप लगाया कि अरुण कुमार के भाई और बहन भी इस पूरे मामले में उसका सहयोग कर रहे हैं। साथ ही उसने कुछ मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपे हैं, जिन पर पत्नी और आरोपी युवक के बीच बातचीत होने की बात कही गई है।
वहीं दुल्हन के पिता आदेश कुमार ने बताया- बेटी के अफेयर का मुझे कुछ भी पता नहीं था। जब उसकी आपत्तिजनक फोटो देखी, तब मुझे यह सब पता चला। वो तो मेरी नाक कटाकर चली गई। पुलिस अज्ञात के नाम से मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है। मैं चाहता हूं कि दोनों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई की जाए।
पीडि़त पति ने एसपी से पत्नी और जेवरात बरामद कराने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और शिकायत के आधार पर तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

