
पहाड़ का सच/एजेंसी।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार देर शाम भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना नार्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के डोहरिया मोड़ पर हुई। उस समय चंद्रनाथ रथ अपनी गाड़ी में मौजूद थे और अपने घर के पास ही थे। बताया जा रहा है कि बाइक पर आए हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी रुकवाई और फिर एक के बाद एक तीन राउंड गोलियां चलाईं। गोली सीधे उनके सीने में मारी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं घटना के समय चंद्रनाथ रथ के साथ ड्राइवर भी मौजूद था, जिसे घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया है।
चंद्रनाथ रथ की हत्या को राजनीतिक एंगल से भी जोड़कर देखा जा रहा है। उनके करीबी संबंध और चुनावी सक्रियता को देखते हुए इस घटना ने सियासी हलकों में भी हलचल बढ़ा दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
घटना पूरी तरह सोची-समझी साजिश और ‘प्री-प्लान्ड मर्डर’ – शुभेंदु अधिकारी
वहीं पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीएसओ चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। शुभेंदु अधिकारी ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए महा-जंगलराज करार दिया। उन्होंने इस घटना को पूरी तरह सोची-समझी साजिश और ‘प्री-प्लान्ड मर्डर’ बताया है। शुभेंदु ने कहा कि पुलिस महानिदेशक (DGP) ने भी इस बात की पुष्टि की है। हत्या से पहले दो-तीन दिनों तक इलाके की रेकी की गई थी, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और उन्हें कुछ अहम सबूत भी मिले हैं।
अभिषेक बनर्जी ने करवाई ये हत्या – बीजेपी नेता, अर्जुन सिंह
भारतीय जनता पार्टी के नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने ये हत्या करवाई है। वह एक मैसेज देना चाहते हैं कि हम सरकार में भले ही न हों, लेकिन तुम्हारे ऊपर भारी हैं। वहीं केंद्रिय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर हम सब ठीक करेंगे।

